लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) ने राज्य के आठ प्रमुख शहरों के बस स्टैंडों के आधुनिकीकरण के लिए पीपीपी (सार्वजनिक-निजी भागीदारी) मॉडल शुरू किया है। इसमें भीलवाड़ा सहित उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, भरतपुर, ब्यावर, अजमेर और बूंदी शामिल हैं।
प्रत्येक परियोजना का अनुमानित निवेश 100 करोड़ से 300 करोड़ रुपये तक होगा। परियोजना के तहत बस स्टैंड पर आधुनिक यात्री सुविधाएं, डिजिटल सेवाएं, वाणिज्यिक परिसर, पार्किंग और बेहतर यातायात प्रबंधन का विकास किया जाएगा।
भूतल पर बस संचालन और यात्री सुविधाएं, पहली मंजिल पर कर्मचारी कार्यालय, और ऊपरी मंजिलों पर होटल, मॉल, कार्यालय और दुकानों का निर्माण किया जाएगा। भीलवाड़ा में बस स्टैंड के लिए 28,198 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की गई है।
आरएसआरटीसी ने नौ डेवलपर्स से ईओआई प्राप्त की है। समिति अब बोलीदाताओं की योग्यता और प्रस्तावों की समीक्षा कर अगले सप्ताह राज्य सरकार को फाइनल प्रस्ताव भेजेगी। मंजूरी मिलने के बाद औपचारिक निविदाएं जारी की जाएंगी।
मुख्य उद्देश्य:
-
बुनियादी ढांचे का उन्नयन
-
आधुनिक प्रतीक्षा क्षेत्र और डिजिटल सुविधाएं
-
बेहतर शहरी परिवहन प्रणाली
-
निजी निवेश के माध्यम से विकास को गति देना














































