लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सिद्धार्थ महाजन ने प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए
जयपुर | (आर एन सांवरिया) जयपुर के सुनियोजित एवं संतुलित नगरीय विकास को सुनिश्चित करने के लिए जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में सोमवार को चिंतन सभागार में लैंड पूलिंग योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन पर समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में महाजन ने शहर के चारों ओर विभिन्न क्षेत्रों में लैंड पूलिंग योजनाएं विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि जयपुर का आधुनिक और नियोजित नगर विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि कई निजी और कृषि भूमि अव्यवस्थित बसावट की संभावना के कारण विकास में बाधक बन सकती है, इसलिए इन क्षेत्रों में सुनियोजित योजना आवश्यक है।
बैठक में जोन–08, 10, 11, 12 एवं 14, महल रोड, अजमेर रोड, सीकर रोड और आगरा-दिल्ली रोड के आसपास लैंड पूलिंग योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। महाजन ने संबंधित उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित योजनाओं के प्रस्ताव तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करें।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान लैंड पूलिंग योजना अधिनियम–2016 के तहत टोंक रोड स्थित शिवदासपुरा, बरखेड़ा और चंदलाई गांवों में पहले से लगभग 163 हेक्टेयर भूमि पर यह महत्वाकांक्षी योजना लागू है। इस योजना के तहत भूमि मालिकों को उनकी कुल भूमि का 45 प्रतिशत विकसित भूमि के रूप में लौटाया जाएगा, जो उन्हें आर्थिक रूप से लाभ पहुंचाएगा।
महाजन ने बताया कि यह लैंड पूलिंग मॉडल जयपुर शहर के दीर्घकालिक और सुनियोजित विकास में मील का पत्थर साबित होगा और भविष्य में अन्य जिलों में भी इसका पालन किया जा सकेगा।



















































