लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर | बृजकिशोर पारीक
विश्व संगीत दिवस की पूर्व संध्या पर जोधपुर की चर्चित संस्था संस्कारी इवेंट्स की ओर से रोटरी क्लब में हिंदी फिल्मी गीतों पर आधारित कराओके संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का मन मोह लिया।
संस्था के संस्थापक अभिषेक शर्मा एवं वंदना शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य संगीत प्रेमियों को एक मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में संगीत के प्रति सकारात्मक और सांस्कृतिक वातावरण का निर्माण करना है।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब की अध्यक्ष मधु समदानी मुख्य अतिथि तथा संगीत शिक्षक कमलेश पुरोहित ‘निराला’ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कमलेश पुरोहित ने कहा कि संगीत ईश्वर की अनुपम देन है और शब्द स्वयं ईश्वर का स्वरूप हैं। उन्होंने संगीत को आध्यात्मिकता और मानसिक शांति प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम बताया।
संस्कारी इवेंट्स की ओर से बताया गया कि संस्था समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती है। संस्था का उद्देश्य भारतीय संस्कारों के साथ-साथ संगीत के प्रति जनमानस में गहरी रुचि विकसित करना और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।


















































