भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम

0
15
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

14 से 20 नवंबर तक स्मारकों पर दीपोत्सव, युवा संवाद, खेल एवं निबंध प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, 23 नवंबर को वणेश्वर धाम में प्रस्तावित जनजाति गौरव जनसभा

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया )

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेशभर में जनजाति गौरव सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन आयोजनों के जरिए जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नायक-नायिकाओं, संतों और समाज सुधारकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि आजादी के बाद जनजातीय समाज को उचित सम्मान और अधिकार देने की दिशा में भाजपा सरकारों ने ऐतिहासिक काम किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उसे उचित प्रतिनिधित्व देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

14 से 20 नवंबर तक होंगे विविध आयोजन

रावत ने बताया कि जनजाति गौरव सप्ताह के तहत 14 नवंबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनजातीय महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारकों एवं प्रतिमाओं की साफ-सफाई की जाएगी। स्मारक स्थलों पर दीपोत्सव आयोजित कर जनजातीय बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजाति गौरव दिवस पर जिला स्तर पर प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। प्रत्येक मंडल में भगवान बिरसा मुंडा सहित स्थानीय जनजातीय नायकों की प्रतिमाओं और चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। जनजातीय छात्रावासों में संपर्क अभियान चलाकर युवाओं से संवाद किया जाएगा और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

इसी क्रम में 15 से 20 नवंबर तक युवा संवाद तथा 16 से 20 नवंबर तक खेल एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विभिन्न जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेले, प्रदर्शनियां और शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी। इन आयोजनों के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा।

मोतीलाल मीणा को प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी

रावत ने बताया कि राजस्थान में जनजाति गौरव सप्ताह के कार्यक्रमों के सफल संचालन और प्रदेश स्तरीय समन्वय के लिए भाजपा के पूर्व महामंत्री मोतीलाल मीणा को प्रदेश संयोजक बनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उल्लेखित जनजातीय नायकों और प्रतिभाओं की प्रेरक कहानियों को भी आमजन तक पहुंचाया जाएगा। समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले जनजातीय संतों, समाजसेवियों, कलाकारों और प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ सोशल मीडिया पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।

23 नवंबर को वणेश्वर धाम में जनजाति गौरव जनसभा प्रस्तावित

रावत ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 23 नवंबर को अनुसूचित क्षेत्र के डूंगरपुर जिले स्थित वणेश्वर धाम में जनजाति गौरव जनसभा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें शिक्षा, स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं की जाएंगी।

अटल सरकार ने बनाया जनजातीय कार्य मंत्रालय, मोदी सरकार ने बढ़ाया प्रतिनिधित्व

भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास और संवैधानिक अधिकारों को मजबूत करने में भाजपा सरकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में वर्ष 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। वर्ष 2003 में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के गठन का प्रावधान किया गया तथा संताली और डोगरी सहित भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी समावेशी सोच को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। वर्ष 2022 में जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू का देश के राष्ट्रपति पद पर पहुंचना भी ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह करोड़ों जनजातीय नागरिकों की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और आत्मसम्मान का सम्मान है।

रावत ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में परिसीमन के बाद पहली बार अनुसूचित जनजातियों के लिए विधानसभा की नौ सीटें आरक्षित की गईं। प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, बिजली और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। जनजातीय समाज के विकास के लिए बजट में भी वृद्धि की गई है।

उन्होंने कहा कि जनजाति गौरव दिवस केवल भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि देश के सभी जनजातीय वीरों और वीरांगनाओं के बलिदान को याद करने का दिन है। विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। समाज की अस्मिता, संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान का सम्मान करते हुए उसे विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना ही राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

- Advertisement -
Previous articleMaster the Shuffle: Unveiling Techniques that Elevate Your Card Game
loktodaynews
लोक टुडे न्यूज़ - जनता की आवाज़ लोक टुडे न्यूज़ का उद्देश्य निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से आमजन की आवाज़ को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाना है। हम जनहित के मुद्दों, जनसमस्याओं और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। लोक टुडे के नाम से दैनिक एवं पाक्षिक समाचार पत्र और YouTube न्यूज़ चैनल भी संचालित हैं। आप भी बनें लोक टुडे का हिस्सा। अपनी खबरें, फोटो और जनसमस्याएं हमें भेजें। प्रधान संपादक: नीरज मेहरा स्थान: जयपुर, राजस्थान मोबाइल: 9829708129, 8209477614 ईमेल: neerajmehra445@gmail.com | loktodaynews@gmail.com लोक टुडे न्यूज़ - आपकी आवाज़, हमारा संकल्प।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here