लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक हरेंद्र मिर्धा ने नवनिर्वाचित सरपंचों का किया अभिनंदन
माला और साफा पहनाकर दी उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं, सरपंचों से बिना भेदभाव ग्रामीण विकास को गति देने का किया आह्वान
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) शहर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में विधायक हरेंद्र मिर्धा के सानिध्य में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विधायक मिर्धा ने क्षेत्र के नवनिर्वाचित सरपंचों का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया तथा उन्हें सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक हरेंद्र मिर्धा ने कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। उन्होंने नवनिर्वाचित सरपंचों से कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधि बिना किसी भेदभाव के अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दें और आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें। 
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल पद संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और गांवों के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना भी उनका दायित्व है।
समारोह में नवनिर्वाचित सरपंचों ने विधायक का आभार जताते हुए क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने और मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

















































