भाई दूज पर रोडवेज बसें फुल, सीटों के लिए भटकती रहीं बहनें

0
5
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

बसों में जगह नहीं मिलने से महिलाओं को हुई परेशानी, निजी वाहनों का लेना पड़ा सहारा; कस्बे में जाम से यातायात प्रभावित

कठूमर (अलवर)। (संजीव बंसल) भाई दूज के पर्व पर बुधवार को रोडवेज बसों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। भाइयों के घर तिलक लगाने जाने के लिए निकली बहनों को बसों में सीट पाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। कई बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिली, जिसके चलते महिलाओं को मायूस होकर निजी वाहनों से सफर करना पड़ा। दूसरी ओर कस्बे की सड़कों पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही से कई बार जाम की स्थिति बनी रही।

बस स्टैंड पर महिलाओं और अन्य यात्रियों की भीड़ लगी रही। महिला यात्री ललता घाटरी ने बताया कि वह करीब 30 से 40 मिनट तक बस का इंतजार करती रहीं। बस पहुंची तो उसमें पहले से ही भारी भीड़ थी। ऐसे में उन्हें और कई अन्य महिलाओं को जगह नहीं मिल सकी। मजबूरन अब निजी साधन से जाना पड़ेगा। बस स्टैंड पर ऑटो, रिक्शा और जुगाड़ वाहन भी सवारियों से खचाखच भरे नजर आए। पर्याप्त परिवहन साधन नहीं मिलने से कई महिलाओं को भाइयों के घर पहुंचने में देर शाम तक का इंतजार करना पड़ा।

बेतरतीब यातायात से जाम और हादसों का खतरा

त्योहार के दौरान कस्बे की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। सड़कों पर मोटरसाइकिलों की आवाजाही बढ़ने के साथ एक ही बाइक पर तीन से चार सवारियां बैठाकर चलने और बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामले भी सामने आए। भीड़भाड़ के बीच यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस की प्रभावी निगरानी नजर नहीं आई। इससे जाम के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहा।

80 वर्षीय बहन ने 70 वर्षीय भाई को लगाया तिलक

भाई दूज पर कस्बे में भाई-बहन के अटूट प्रेम और पारिवारिक रिश्तों की खूबसूरत मिसाल भी देखने को मिली। कस्बा निवासी 80 वर्षीय शारदा देवी ने अपने 70 वर्षीय भाई को तिलक लगाकर उसकी खुशहाली और लंबी उम्र की कामना की। शारदा देवी ने बताया कि भाई दूज का पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत करने का प्रतीक है। उम्र के इस पड़ाव पर भी दोनों का स्नेह और अपनापन पर्व की परंपरा को जीवंत करता नजर आया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here