लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भक्तिमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही व्यापक भागीदारी
जयपुर। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा की ओर से शनिवार, 7 नवंबर को दीपावली के पावन अवसर पर सेवा भवन कार्यालय में भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को खास बना दिया। भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रवासियों की व्यापक भागीदारी से समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया।

दीपावली की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में आत्मीय मिलन, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकजुटता की झलक देखने को मिली। कलाकारों की भक्तिमय सांस्कृतिक एवं संगीत प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस दौरान लोगों ने विधायक गोपाल शर्मा से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
विधायक गोपाल शर्मा ने समारोह में पहुंचे क्षेत्रवासियों, वरिष्ठजनों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत-अभिनंदन करते हुए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने के साथ जनप्रतिनिधि और जनता के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करते हैं।

भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
समारोह में बनीपार्क मंडल अध्यक्ष निखिल वर्मा, सिविल लाइंस मंडल अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, शांति नगर मंडल अध्यक्ष पवन सैनी, श्याम नगर मंडल महामंत्री मानवेंद्र सिंह एवं सिविल लाइंस मंडल उपाध्यक्ष महेश सैनी मौजूद रहे। सिविल लाइंस मंडल महामंत्री संजय सैनी और प्रवीण शर्मा ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
इसके अलावा उपमहापौर सरोज कंवर, वार्ड पार्षद कविता शर्मा, शशि शर्मा, शशि मिश्रा, भवानी राजावत, शीला शर्मा, शशि प्रकाश शर्मा, रवि शंकर शर्मा एवं सुभाष सिंघी ने समारोह में शिरकत की।
पार्षद प्रत्याशियों में अमित सारवान, मनोज चांवरिया, विनोद यादव, सुनीता मेहरा, आरती गुर्जर, मनीष पारीक, अमित चोपड़ा एवं मुकेश जैमन उपस्थित रहे। पूर्व पार्षद राहुल शर्मा और धीरज शर्मा की भी गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सिविल लाइंस क्षेत्र के ‘मन की बात’ प्रमुख सतीश सहित अनेक गणमान्यजन एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
समारोह में विभिन्न वर्गों के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने दीपावली स्नेह मिलन को आत्मीयता, आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता के यादगार आयोजन में बदल दिया।


















































