लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कार्यालय में लगाया ‘श्रीराम डिजायर बॉक्स’
जोधपुर। प्रदेश में तबादलों (ट्रांसफर) पर लगा प्रतिबंध हटने के बाद जनप्रतिनिधियों के कार्यालयों में डिजायर (अनुशंसा) करवाने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है। इस बीच जोधपुर शहर से भाजपा विधायक अतुल भंसाली का एक अनोखा प्रयोग चर्चा का विषय बन गया है।
विधायक कार्यालय में ट्रांसफर डिजायर लेकर आने वाले लोगों के लिए प्रभु श्रीराम की प्रतिमा के सामने एक विशेष बॉक्स लगाया गया है। कार्यालय पहुंचने वाले लोगों से कहा जा रहा है कि वे अपनी डिजायर या अनुशंसा उसी बॉक्स में डालें।
बॉक्स पर लिखा विशेष संदेश
श्रीराम की तस्वीर के सामने रखे गए बॉक्स पर लिखा गया है—
“मैं अपनी अनुशंसा प्रभु श्रीराम को समर्पित करता हूं।”
इसके साथ ही विधायक अतुल भंसाली के नाम से एक संदेश भी अंकित किया गया है—
“सबकी मनोकामना पूर्ण करने वाले परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि सभी की मनोकामनाएं पूरी हों।”
चर्चा में आया विधायक का नवाचार
ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू होने के बाद जहां अधिकांश जनप्रतिनिधियों के कार्यालयों में अनुशंसा पत्र लिखवाने वालों की भीड़ देखी जा रही है, वहीं विधायक अतुल भंसाली का यह अनूठा तरीका सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
कई लोग इसे प्रतीकात्मक संदेश मान रहे हैं कि अंतिम निर्णय व्यवस्था और ईश्वर की इच्छा पर निर्भर करता है, जबकि कुछ लोग इसे बढ़ती सिफारिश संस्कृति पर व्यंग्य के रूप में भी देख रहे हैं।
लोगों के बीच उठ रहा सवाल
इस पहल के साथ एक सवाल भी चर्चा में है कि जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा पर आखिर कितने लोगों के तबादले होते हैं। आम धारणा यह है कि हर डिजायर पूरी होना संभव नहीं होता, जबकि आस्था रखने वाले लोग मानते हैं कि भगवान सभी की मनोकामनाएं सुनते हैं।
विधायक कार्यालय में लगाया गया यह ‘श्रीराम डिजायर बॉक्स’ अब जोधपुर में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

















































