चेतक एक्सप्रेस में 10 किलो से अधिक डोडा पोस्त बरामद, कीमत डेढ़ लाख रुपये

0
13
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

अजमेर। (नितिन मेहरा) रेल मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी का प्रयास आरपीएफ ने नाकाम कर दिया। चेतक एक्सप्रेस में गश्त के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने एक लावारिस ट्रॉली बैग से 10.100 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 1 लाख 51 हजार 500 रुपये बताई गई है।

एस-7 कोच की गैलरी में मिला संदिग्ध बैग

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को गाड़ी संख्या 20474 चेतक एक्सप्रेस नसीराबाद से अजमेर की ओर आ रही थी। ट्रेन में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल मनीष कुमार तिवाड़ी को एस-7 कोच की गैलरी में कॉफी रंग का एक ट्रॉली बैग लावारिस हालत में पड़ा दिखाई दिया। संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना अधिकारियों को दी।

तलाशी में मिला 10.100 किलो डोडा पोस्त

अजमेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन पहुंचने के बाद हेड कांस्टेबल ने लिखित रिपोर्ट के साथ बैग उप निरीक्षक शुभम को सौंप दिया। इसके बाद आरपीएफ स्टाफ की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई। उसमें डोडा पोस्त चूरा भरा मिला। तौल करने पर बैग सहित कुल वजन 12.950 किलोग्राम और मादक पदार्थ का शुद्ध वजन 10.100 किलोग्राम पाया गया।

जीआरपी ने एनडीपीएस एक्ट में दर्ज किया मामला

आरपीएफ ने जब्त मादक पदार्थ को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी अजमेर को सुपुर्द कर दिया। जीआरपी ने 12 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 169/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बैग किसका था और मादक पदार्थ की तस्करी कहां से कहां की जा रही थी, इसकी पड़ताल की जा रही है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त योगेन्द्र सिंह और सहायक सुरक्षा आयुक्त रामेश्वर लाल मीणा के निर्देशन तथा निरीक्षक राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में की गई।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here