लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हरियाली अमावस्या पर निकलेगी भव्य जलाभिषेक यात्रा
डग (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के डग क्षेत्र के क्यासरा गांव स्थित महाभारतकालीन ऐतिहासिक एवं प्राचीन तीर्थ कायावर्णेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कायावर्णेश्वर महादेव मंदिर अपनी धार्मिक एवं ऐतिहासिक मान्यताओं के कारण राजस्थान ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं के बीच भी विशेष आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि यहां स्थापित कायावर्णेश्वर शिवलिंग प्रतिवर्ष तिल-तिल बढ़ता है, जिसके दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए दूर-दूर से भक्त पहुंचते हैं।
श्रावण मास के शुभ अवसर पर हरियाली अमावस्या के दिन डग से क्यासरा स्थित कायावर्णेश्वर महादेव मंदिर तक भव्य जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां अभी से प्रारंभ कर दी गई हैं और आयोजन समिति यात्रा को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने में जुटी हुई है।
इसके अलावा श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को 7 किलोमीटर लंबी ओंकार पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा की विशेषता यह है कि इसमें भगवान कायावर्णेश्वर की आकर्षक सवारी श्रद्धालुओं के साथ-साथ चलती है। पूरे मार्ग में भक्तजन “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ शिवभक्ति में सराबोर नजर आते हैं।
श्रावण मास में कायावर्णेश्वर महादेव धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।



















































