लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेश की खुशहाली की कामना
जयपुर। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर राजधानी जयपुर स्थित प्रसिद्ध प्रतापेश्वर महादेव मंदिर में देवस्थान विभाग की ओर से भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ रुद्राभिषेक
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के साथ हुई। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने भगवान शिव का दूध, जल, शहद, घी और पंचामृत से रुद्राभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा और आंकड़े के फूल अर्पित किए।
रुद्राभिषेक के पश्चात भगवान प्रतापेश्वर महादेव की भव्य आरती उतारी गई, जिसमें मंदिर प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
प्रदेश की सुख-शांति के लिए की प्रार्थना
इस अवसर पर मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ से प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि, अच्छी वर्षा और किसानों, गोपालकों सहित सभी नागरिकों के कल्याण की प्रार्थना की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख और ऐतिहासिक मंदिरों के संरक्षण, जीर्णोद्धार और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रत्येक सोमवार होगा रुद्राभिषेक
देवस्थान मंत्री ने बताया कि देवस्थान विभाग की ओर से श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को विभाग के शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों से जुड़ सकें और प्रदेश की समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की जा सके।
कार्यक्रम में देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त (जयपुर प्रथम) रतनलाल योगी, सहायक आयुक्त (जयपुर द्वितीय) महेंद्र देवतवाल, मंदिर के पुजारी एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

















































