लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी। कस्बे के खत्रियों के मोहल्ले में करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, नूरजहां बानो खरादी घर में पानी की मोटर के तार लगा रही थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक करंट लग गया, जिससे वह संतुलन खोकर पानी के टांके के पास गिर गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उपचार शुरू किया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलस चुकी नूरजहां बानो खरादी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नूरजहां बानो के निधन से उनके दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।










































