रास फैक्ट्री से लौट रहे मैकेनिक की सड़क हादसे में मौत, ढाई घंटे लगा जाम

0
26
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

— स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी

पीसांगन (अजमेर)। पीसांगन थाना क्षेत्र के करनोस स्थित रतनगढ़ रोड पर जाखण माता मंदिर के पास सड़क हादसे में 32 वर्षीय मैकेनिक देवेंद्र सिंह रावत की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से इंकार कर दिया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार शिवपुरा निवासी देवेंद्र सिंह रावत रास स्थित सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौटते समय सड़क पर बने बड़े गड्ढों के कारण हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सड़क की बदहाल स्थिति की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। विरोध के चलते रास-मांगलियावास हाईवे पर दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

सूचना पर थानाधिकारी सरोज चौधरी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की समझाइश के बाद मामला शांत करवाया। इसके बाद शव को पीसांगन मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय देवेंद्र ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन सड़क पर गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी जान नहीं बच सकी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here