लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक कुन्नर के पहुंचने से बढ़ी हलचल
श्रीगंगानगर, मनजीत सिंह। श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर में पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रीकरणपुर पुलिस थाने के समक्ष धरना देते हुए क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग दोहराई।
धरने पर दूसरे दिन भी कांग्रेस कार्यकर्ता कुलदीप चोपड़ा, सतीश शर्मा, जगदीश इंदलिया, मंगत सिंह ग्रोवर, संतराम वाल्मीकि और ओम बिश्नोई डटे रहे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार लगातार जारी है और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है।
सूत्रों के अनुसार श्रीकरणपुर विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रूपिन्द्र सिंह रूबी कुन्नर के धरना स्थल पर पहुंचने की संभावना है। उनके आगमन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि वे इस मुद्दे पर कांग्रेस की आगामी रणनीति और आंदोलन की दिशा को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना के बीच प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रदर्शनकारियों से वार्ता के लिए पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक क्षेत्र में अवैध धंधों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल धरना शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और प्रशासन तथा प्रदर्शनकारियों के बीच संभावित वार्ता को लेकर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।



















































