लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धार्मिक झांकियों ने बांधा समां, भजनों पर भक्तिभाव में झूमे श्रद्धालु
पादूकलां (नागौर)। पादूकलां के जैन मोहल्ला स्थित गणेश चौक में चल रहे 11 दिवसीय गणेश महोत्सव के 10वें दिन रामायण मंडल के तत्वावधान में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। संगीतमय सुंदरकांड वाचन, हनुमान चालीसा और भजनों की प्रस्तुतियों से पूरा गणेश चौक भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान सुंदरकांड की चौपाइयों के साथ धार्मिक जयकारे गूंजते रहे। रामायण मंडल की ओर से रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आकर्षक धार्मिक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। इनमें केवट प्रसंग, श्रीराम वनवास, भरत मिलाप, लक्ष्मण को शक्ति बाण लगना और हनुमानजी द्वारा संजीवनी बूटी लाना प्रमुख रहे।
धार्मिक झांकियों ने मोहा मन
मंच पर हनुमानजी, भगवान भोलेनाथ, भैरूजी, राजा साईं राम, माता दुर्गा और कालिका माता की झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों के मंचन के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।
इस दौरान ‘आओ राम आओ राम’, ‘राम बुलावे आओ हनुमान’ और ‘बालाजी आया हुआ तेरे द्वारे’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भक्तिभाव में झूमते नजर आए।
रामायण मंडल के संरक्षण भंवरलाल सिखवाल के निर्देशन में धार्मिक झांकियों का मंचन किया गया।
नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का प्रयास
रामायण मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार हटिला ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर गणपति महाराज की आरती की गई। आरती के दौरान गणेश चौक भगवान के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
गणेश महोत्सव के 10वें दिन आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे आयोजन के दौरान गणेश चौक भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।















































