नागौर नगर परिषद उपसभापति हाजी मोहम्मद कुरैशी को हटाने की मांग 

0
10
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

रावण दहन कार्यक्रम में भगवान श्रीराम की आरती के बाद कथित माफी का ऑडियो वायरल होने पर विवाद; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर नगर परिषद के उपसभापति हाजी मोहम्मद कुरैशी को पद से हटाने की मांग को लेकर सर्व हिंदू समाज की ओर से मुख्यमंत्री और स्वायत्त शासन मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दशहरा मेले के दौरान भगवान श्रीराम के दरबार की आरती करने के बाद कथित तौर पर माफी मांगने से जुड़े ऑडियो को लेकर आपत्ति जताई गई है। इस मामले में उपसभापति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

आरती के बाद कथित माफी के ऑडियो पर विवाद

ज्ञापन में बताया गया कि 20 अक्टूबर को दशहरे के अवसर पर नगर परिषद की ओर से आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में उपसभापति हाजी मोहम्मद कुरैशी ने भगवान श्रीराम के दरबार में आरती और पूजा-अर्चना की थी। आरोप है कि बाद में अपने समाज के लोगों के दबाव में उन्होंने इस कार्य के लिए माफी मांगी। इससे संबंधित एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।

इस घटनाक्रम को लेकर हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताते हुए उपसभापति के बयान पर सवाल उठाए हैं।

‘संवैधानिक पद की गरिमा के अनुरूप नहीं’ : सूरजमल भाटी

विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष सूरजमल भाटी ने कहा कि यदि भगवान श्रीराम की आरती करना गलत बताया जा रहा है, तो यह एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा से जुड़ा गंभीर सवाल है। उन्होंने मांग की कि उपसभापति को तत्काल पद से हटाया जाए।

भाटी ने यह भी मांग की कि हिंदू समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उपसभापति फिर से ऑडियो या वीडियो जारी कर माफी मांगें।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

बजरंग दल के राहुल भाटी ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम की आरती करने के बाद उससे जुड़े कथित बयान से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सभी समाजों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

राहुल भाटी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उपसभापति को पद से नहीं हटाती है, तो दीपावली के बाद आगामी दिनों में आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत नगर परिषद सभापति कक्ष के सामने पुतला दहन, विरोध प्रदर्शन और धरना देने की चेतावनी दी गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पुखराज सांखला, बाबूलाल टाक, सुखदेव मनिहार, राधेश्याम टोगसिया, बजरंग रतावा, हर्षुल पटेल, धीरेंन सोनी, जयप्रकाश टाक, रामजीवन पार्षद, नेमीचंद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here