लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। क्या बाजार में एक बार फिर ₹1000 का नया नोट आने वाला है? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस दावे को लेकर लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस बीच केंद्र सरकार की फैक्ट चेक एजेंसी प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने स्पष्ट किया है कि ₹1000 का नया नोट जारी किए जाने का दावा फर्जी है। एजेंसी के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
पीले रंग के ₹1000 के नोट का वीडियो वायरल
पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम, एक्स और टेलीग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग पीले रंग का ₹1000 का नोट दिखाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि रिजर्व बैंक ने नया नोट जारी कर दिया है या जल्द ही इसे बाजार में उतारा जा सकता है।
इस दावे के बाद लोगों के बीच नए नोट को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, PIB फैक्ट चेक ने इस दावे को भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि ₹1000 के नए नोट को जारी करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
PIB की लोगों से अपील—बिना जांचे न करें शेयर
PIB फैक्ट चेक के मुताबिक, सोशल मीडिया पर ₹1000 का नया नोट जारी होने से जुड़ी पोस्ट में किया जा रहा दावा फर्जी है। रिजर्व बैंक की ओर से इस तरह का कोई ऐलान नहीं किया गया है।
सरकारी एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली खबरों और वीडियो पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी भी वित्तीय या करेंसी संबंधी सूचना को साझा करने से पहले उसकी आधिकारिक स्रोतों से पुष्टि जरूर करें।
नोटबंदी के बाद ₹1000 का नोट नहीं लौटा
गौरतलब है कि 8 नवंबर 2016 को केंद्र सरकार ने नोटबंदी की घोषणा की थी। इसके तहत उस समय प्रचलन में रहे ₹500 और ₹1000 के पुराने नोटों को चलन से बाहर कर दिया गया था। बाद में नए डिजाइन में ₹500 का नोट जारी किया गया, जबकि ₹1000 के नोट की जगह ₹2000 का नोट बाजार में लाया गया।
हालांकि, रिजर्व बैंक ने मई 2023 में ₹2000 के नोट को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी। इसके बाद से ₹1000 का नोट दोबारा जारी किए जाने को लेकर समय-समय पर सोशल मीडिया पर दावे सामने आते रहे हैं।
फिलहाल, ₹1000 का नया नोट जारी होने की खबर पर भरोसा करने का कोई आधिकारिक आधार नहीं है। ऐसे में किसी वायरल वीडियो या पोस्ट के आधार पर इसे सच मानने के बजाय RBI और PIB के आधिकारिक अपडेट पर ही भरोसा करना चाहिए।























































