लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पदभार ग्रहण समारोह में ग्रामीणों ने किया स्वागत, सरपंच ने गांव के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को बताया प्राथमिकता
डेह (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर जिले की ग्राम पंचायत डेह में नवनिर्वाचित सरपंच डूंगर सिंह बाना ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कार्यालय में ग्रामीणों, समर्थकों और शुभचिंतकों की मौजूदगी में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने सरपंच का माला पहनाकर और साफा बांधकर स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
गांव के विकास को गति देने का संकल्प
पदभार ग्रहण करने के साथ ही ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी नवनिर्वाचित सरपंच के सामने होगी। समारोह में उपस्थित ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र के विकास में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर सरपंच डूंगर सिंह बाना ने कहा कि गांव का चहुंमुखी विकास और आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
वार्ड पंचों सहित ग्रामीणों ने दी बधाई
समारोह में ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित वार्ड पंच, वरिष्ठ नागरिक, युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने डूंगर सिंह बाना को बधाई देते हुए पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी जाहिर की।
नवनिर्वाचित सरपंच के पदभार ग्रहण करने के साथ ही ग्रामीणों को पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने और स्थानीय समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।





















































