लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हजारों कार्यों का हुआ निस्तारण
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में प्रदेशभर में दो दिवसीय राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाकर जल जीवन मिशन, अमृत योजना और ग्रीष्मकालीन कंटीन्जेंसी कार्यों का सघन निरीक्षण किया गया।
- 18–19 अप्रैल को राज्यव्यापी विशेष अभियान संचालित
- 2677 कार्यों का मौके पर निरीक्षण
- 2792 शिकायतों में से 2775 का समाधान
- 1535 हैंडपंपों की मरम्मत
- 911 पाइपलाइन लीकेज का सुधार
- 329 अन्य सुधार कार्य पूरे

ग्रामीण क्षेत्रों में सघन निरीक्षण
अभियान के दौरान जिला कलेक्टर, एडीएम, सीईओ, एसडीएम, तहसीलदार और बीडीओ सहित जलदाय विभाग के अधिकारियों ने गांव-गांव जाकर कार्यों का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर मौके पर ही मरम्मत कार्य कर समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया।
योजनाओं की समीक्षा
इस अभियान में जल जीवन मिशन के 407 कार्य, अमृत योजना के 80 कार्य और ग्रीष्मकालीन कंटीन्जेंसी के 77 कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा अवरुद्ध हैंडपंप और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

तकनीकी टीमों की भूमिका
विभाग की लगभग 450 तकनीकी टीमों ने शिकायतों को सूचीबद्ध कर तेजी से समाधान किया। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को बेहतर और स्थायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।





















































