लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नालों की सफाई के सख्त निर्देश
अजमेर | (नितिन मेहरा) आगामी मानसून को देखते हुए अजमेर जिला प्रशासन ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर लोकबंधु की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में वर्षा पूर्व तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य सुनिश्चित करें।
सफाई कार्यों की होगी निगरानी
बैठक में नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नालों की सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर वर्क ऑर्डर जारी किए जाएं। साथ ही कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और सफाई कार्यों की फोटो व वीडियो रिकॉर्डिंग करवाने के निर्देश भी दिए गए।
जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस
कलेक्टर लोकबंधु ने उन क्षेत्रों को चिन्हित करने पर जोर दिया, जहां पिछले वर्षों में जलभराव की समस्या अधिक रही है। उन्होंने ऐसे स्थानों के स्थायी समाधान के लिए ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा खानपुरा स्थित एसटीपी पर सुरक्षा जाली लगाने और एस्केप चैनल के गेट दुरुस्त करने जैसे तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
एक सप्ताह में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
प्रशासन ने सभी विभागों को मानसून पूर्व आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि बारिश के दौरान शहरवासियों को राहत मिल सके।



















































