लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विशेष अभियान में चालान के साथ दी जा रही समझाइश
वाहनों पर लगाए जा रहे रिफ्लेक्टर, सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान तेज
कोटपूतली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोटपूतली पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विशेष जांच कर रही है। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, ओवरलोडिंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे जा रहे हैं। साथ ही उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
रिफ्लेक्टर लगाकर बढ़ाई जा रही सड़क सुरक्षा
पुलिस केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
सुरक्षित यात्रा के लिए पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम भी है। जिले में यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












































