लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर)। न्यायालय परिसर में शनिवार को एनआई एक्ट (चेक अनादरण) से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनंत भंडारी एवं सचिव मोहनलाल सोनी के निर्देश पर तालुका विधिक सेवा समिति की ओर से किया गया।
लोक अदालत का शुभारंभ अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया तथा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट युधिष्ठिर मीणा की उपस्थिति में हुआ।
तालुका विधिक सेवा समिति की सचिव रुचि शर्मा ने बताया कि लोक अदालत के लिए एक विशेष बेंच का गठन किया गया। इसमें सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य शर्मा को अध्यक्ष तथा अधिवक्ता तेज सिंह राठी को सदस्य नियुक्त किया गया।
लोक अदालत में एनआई एक्ट (चेक अनादरण) के कुल 45 लंबित प्रकरण सुनवाई के लिए रखे गए, जिनमें से 3 मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल ₹19,84,460 का सेटलमेंट दर्ज किया गया।
विशेष लोक अदालत का उद्देश्य चेक अनादरण से जुड़े मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाना है।


















































