लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर)। कठूमर उपखंड क्षेत्र के ग्राम मसारी में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में चारा काटने की मशीन की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम बच्ची की एक उंगली कट गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम मसारी निवासी ओमवीर मलाह की 5 वर्षीय पुत्री बंदु शनिवार शाम अपनी छोटी बहन के साथ घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान घर के पास भैंसों के लिए चारा काटने की मशीन लगी हुई थी। खेलते-खेलते बंदु ने मशीन में हाथ डाल दिया। उसी समय उसकी छोटी बहन ने मशीन का पहिया घुमा दिया, जिससे बंदु की उंगली मशीन की चपेट में आ गई और कट गई।
घटना के बाद परिजन तत्काल बच्ची को कठूमर के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। यहां डॉ. जवाहर सैनी ने उसका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। चिकित्सकों ने अभिभावकों से बच्चों को कृषि उपकरणों और मशीनों से दूर रखने तथा उनकी निगरानी रखने की अपील की है।

















































