लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव आज जोधपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर को कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें सबसे प्रमुख है जोधपुर–दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस का 20 कोचों के साथ विस्तार।
रेलवे द्वारा यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस सेवा में डिब्बों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है, जिससे अब अधिक यात्रियों को आरक्षित सीटों की सुविधा मिल सकेगी।
उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का संचालन
रेल मंत्रालय के अनुसार, गाड़ी संख्या 04871 जोधपुर–दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस उद्घाटन स्पेशल के रूप में 22 मई 2026 को दोपहर 12:30 बजे जोधपुर से रवाना हुई।
यह ट्रेन मार्ग में मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, अलवर, रेवाड़ी और गुड़गांव स्टेशनों पर ठहराव करते हुए रात 10:20 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी।
जयपुर स्टेशन पर यह ट्रेन 17:10 बजे पहुंचेगी और 17:15 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
ट्रेन का कोच संरचना
इस वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 20 कोच शामिल किए गए हैं, जिनमें—
- 2 एक्जीक्यूटिव चेयरकार
- 16 एसी चेयरकार
- 2 ड्राइवर पावर कार
शामिल हैं।
नियमित सेवा की शुरुआत
रेलवे ने बताया कि नियमित रूप से यह सेवा गाड़ी संख्या 26481/26482 (जोधपुर–दिल्ली कैंट–जोधपुर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस) के रूप में 24 मई 2026 से 20 कोचों के साथ संचालित होगी।
इस विस्तार से पश्चिमी राजस्थान और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सीटें और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।















































