लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। शहर के पाबूपुरा इलाके में पेयजल संकट को लेकर गुरुवार को बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रही महिलाओं ने विरोध जताते हुए पानी की टंकी पर चढ़कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले करीब दो वर्षों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे नाराज महिलाएं अचानक टंकी पर चढ़ गईं। महिलाओं की इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया।
सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर सिविल डिफेंस की टीम को भी बुलाया गया।
प्रदर्शन कर रही महिलाएं जलदाय विभाग के कर्मचारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं। उनका कहना है कि जब तक अधिकारी मौके पर आकर समस्या का समाधान नहीं करेंगे, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगी।
फिलहाल मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।





















































