लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चामुंडा माता और ओखा महाराज का निकला चल समारोह
गंगधार (झालावाड़)। शारदीय नवरात्र की नवमी पर गंगधार कस्बे में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। कहार समाज के मंदिरों से श्री भेंसासरी माता, चामुंडा माता और ओखा महाराज का चल समारोह निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और अन्य श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। माता के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सुबह से ही मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। नवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। विधि-विधान से पूजन के बाद धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति हुई। नौ दिनों से चल रहे मां की पूजा के आयोजन का समापन भी नवमी पर हुआ।
छोटी कालीसिंध नदी के तट पर हुआ विसर्जन
नवरात्र के दौरान मंदिरों में प्रतिदिन धार्मिक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे कस्बे में भक्तिमय वातावरण बना रहा। नवमी पर पूजा-अर्चना और पूर्णाहुति के बाद छोटी कालीसिंध नदी के तट पर विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार कार्यक्रम में भाग लिया।
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
चल समारोह के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। आयोजन के दौरान गंगधार पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। पुलिस की निगरानी में चल समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।























































