लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले संगठन महामंत्री—विपक्ष के प्रोपेगेंडा का तथ्यों के साथ जवाब दें, ग्राम विकास संकल्प पत्र को घर-घर पहुंचाएं
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। राजस्थान में पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठन और चुनाव प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया है। भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि निकाय चुनावों की तरह पंचायत चुनावों में भी पार्टी को जनता का आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार के विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने और विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया।
पंचायत चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने वाला राजनीतिक दल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी प्रतिबद्धता के साथ चुनाव तैयारियों में जुटने और पार्टी की विचारधारा के प्रति स्पष्टता बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्व नियोजन और सुव्यवस्थित कार्ययोजना के आधार पर काम करती है। संगठन की कार्यपद्धति में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका तय होती है और हर जिम्मेदारी के लिए कार्यकर्ता की सहभागिता सुनिश्चित की जाती है। चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है और सभी को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभानी चाहिए।
अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार के काम और विपक्ष की विफलताओं को जनता के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने पंचायत चुनावों में जीत के जरिए गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और राजस्थान में ट्रिपल इंजन सरकार की अवधारणा को साकार करने पर जोर दिया।
ग्राम विकास संकल्प पत्र को जनता तक पहुंचाने पर जोर
भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पंचायती राज चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम स्वराज और ग्रामोत्थान के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर संसद तक विकास के संकल्प के साथ काम करने वाला नेतृत्व खड़ा करना पार्टी का उद्देश्य है।
बगड़ी ने कांग्रेस के पूर्व शासन पर ग्राम विकास की अनदेखी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार के कामकाज और ग्राम विकास संकल्प पत्र में किए गए वादों को जनता तक पहुंचाना चाहिए।
बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और पंचायत चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और सरकार की योजनाओं को ग्रामीण मतदाताओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
























































