लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बेसरोली में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित
नवीन कुमावत | कुचामनसिटी
कुचामनसिटी।
कुचामन क्षेत्र के बेसरोली गांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन सुखसागर सेवा धाम दादूदयाल आश्रम, रेनवाल के संत श्री सुखदेव जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
हिंदू एकता यात्रा से हुआ कार्यक्रम का आगाज
सम्मेलन से पूर्व दोपहर एक बजे बालाजी मंदिर से विशाल हिंदू एकता यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति सिर पर कलश लेकर शामिल हुई।
सनातन धर्म की जय, भारत माता की जय और हिंदू हिंदू भाई-भाई के जयघोष से बेसरोली गांव की गलियां गूंज उठीं। गले में जय श्रीराम अंकित दुपट्टा डाले युवाओं ने यात्रा की व्यवस्थाएं संभालीं।
दीप प्रज्वलन के साथ सम्मेलन का शुभारंभ
अपरान्ह तीन बजे वीर तेजा गौशाला में भारत माता के छायाचित्र के समक्ष संत श्री सुखदेव जी महाराज, गिरधारी जी महाराज एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर हिंदू सम्मेलन का शुभारंभ किया गया।
सुखदेव महाराज का ओजस्वी उद्बोधन
दादूदयाल आश्रम, किशनगढ़-रेनवाल से पधारे संत सुखदेव जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को लव जिहाद, धर्मांतरण, विदेशी फंडिंग और भ्रष्ट राजनीतिक ताकतों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जब संस्कृति, राष्ट्रीय अस्मिता और मानवता को चुनौती मिलती है, तब समाज को संगठित होकर सशक्त उत्तर देने के लिए तैयार रहना चाहिए।
सुखदेव महाराज ने सर्व समाज की युवा शक्ति से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, संप्रभुता, सामाजिक समरसता एवं सुरक्षा के लिए मतभेद भुलाकर संगठित रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
भारत माता की सामूहिक आरती
कार्यक्रम के अंत में भारत माता की सामूहिक आरती की गई। अल्पाहार के पश्चात सम्मेलन का समापन हुआ।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा शक्ति एवं बाल गोपाल उपस्थित रहे।
साथ ही संयोजक भगवती प्रसाद गट्टानी, श्रीराम महावीर पारीक, श्याम नायक, देवाराम गुर्जर, छोटूराम प्रजापत, बनवारी दायमा, श्रवण डूडी, अशोक सेन, अरविंद सोनी, सरपंच श्रवण रलिया, पूर्व सरपंच देवाराम गुर्जर, जस्साराम मेघवाल, महावीर जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।















































