लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मोबाइल पशु रोग निदान लैब भी शुरू
गौवंश संरक्षण और पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती, मंत्री जोराराम कुमावत ने किया शिलान्यास
जयपुर। पशुपालन, गौपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत तथा गृह, पशुपालन एवं गोपालन राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने मंगलवार को जयपुर स्थित हिंगोनिया गौशाला पुनर्वास केंद्र में गौवंश के लिए अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा स्पेशियलिटी सेंटर का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। साथ ही, दूरदराज क्षेत्रों में पशुओं के त्वरित उपचार के लिए मोबाइल पशु रोग निदान प्रयोगशाला वाहन का लोकार्पण कर उसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नेत्र रोगों का होगा विशेषज्ञ उपचार
हिंगोनिया गौशाला में बनने वाले इस विशेष केंद्र में मोतियाबिंद, दृष्टिहीनता और अन्य नेत्र संबंधी रोगों से पीड़ित गौवंश को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच और उपचार की व्यवस्था होगी, जिससे पशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार गौवंश संरक्षण और पशुधन स्वास्थ्य सुधार के लिए लगातार कार्य कर रही है। हिंगोनिया में बनने वाला यह केंद्र पशुधन संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से संभाग स्तर पर भी ऐसे स्पेशियलिटी सेंटर विकसित करने का प्रयास करेगी।
गांव-गांव पहुंचेगी मोबाइल पशु रोग निदान प्रयोगशाला
लोकार्पित मोबाइल पशु रोग निदान प्रयोगशाला अत्याधुनिक जांच उपकरणों से सुसज्जित है। यह वाहन गांवों और गौशालाओं तक पहुंचकर पशुओं के रक्त, दूध और अन्य जैविक नमूनों की मौके पर ही जांच करेगा।
इससे रोगों की शीघ्र पहचान, त्वरित उपचार और संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी। मंत्री कुमावत ने बताया कि यह वाहन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के तहत उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए उन्होंने जयपुर सांसद मंजू शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया।
पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला
राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार ने पशुधन संरक्षण, संवर्धन और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि नेत्र चिकित्सा स्पेशियलिटी सेंटर के माध्यम से पशुओं को विशेषज्ञ स्तर की चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जबकि मोबाइल प्रयोगशाला रोगों की समय पर पहचान और नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गौपूजन और पौधरोपण भी किया
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने गौपूजन किया और गौशाला परिसर में पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर प्रमुख शासन सचिव विकास सीताराम भाले, पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेश चंद मीना, हिंगोनिया गौशाला के संचालक रघुपतिदास तथा राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरिनरी एंड एनिमल साइंसेज (RAJUVAS) के डीन डॉ. धर्मसिंह मीना सहित विभागीय अधिकारी, पशु चिकित्सक और गौशाला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रदेश का दूसरा नेत्र चिकित्सा स्पेशियलिटी सेंटर
उल्लेखनीय है कि राज्य का पहला पशु नेत्र चिकित्सा स्पेशियलिटी सेंटर राजूवास में स्थापित किया जा रहा है, जबकि हिंगोनिया गौशाला में बनने वाला यह प्रदेश का दूसरा नेत्र चिकित्सा स्पेशियलिटी सेंटर होगा।



















































