लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद जिले की घाटी ग्राम पंचायत स्थित रामदेव मंदिर प्रांगण में गांव के युवाओं एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में युवाओं के रोजगार, शिक्षा तथा किसानों की विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होने की आवश्यकता पर जोर दिया। सभी ने सहमति जताई कि सामूहिक प्रयासों से ही समस्याओं से निजात संभव है।
युवा किसान संगठन के कुलदीप शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में युवाओं को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। उन्होंने कहा कि “संघे शक्ति कलयुगे” के सिद्धांत को अपनाते हुए सभी को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में बड़े शिक्षण संस्थानों की कमी के कारण युवाओं को बेहतर अवसर नहीं मिल पा रहे हैं, वहीं किसान भी विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में सभी को मिलकर इन मुद्दों के समाधान के लिए प्रयास करने होंगे।
बैठक में वरिष्ठ नेता सुरेश जोशी, ललित सनाध्य, युवा नेता हिम्मत सालवी, प्रकाश सालवी, हजारी, रमेश सालवी, बद्रीलाल, योगेश, गणेश, अंबालाल, गोवर्धन, भंवरलाल, रामचंद्र, शांतिलाल, ओमप्रकाश, तुलसीराम, भेरूलाल, राजमल सहित सैकड़ों किसान एवं युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन हिम्मत सालवी द्वारा किया गया।



















































