लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी गंभीर राजनीति नहीं करते और बिना सोचे-समझे बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विद्यार्थियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश और प्रदेश के युवा समझदार हैं और उनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं।
मदन राठौड़ ने कहा कि विद्यार्थी अच्छी तरह जानते हैं कि जो स्वयं जिम्मेदार और विवेकपूर्ण आचरण नहीं करता, वह दूसरों को क्या सीख देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी केवल राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं और विद्यार्थियों के मुद्दों को उठाने का प्रयास कर रहे हैं।
दिल्ली प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक की घटना केरल से जुड़ी हुई है और इसका राजस्थान से कोई संबंध नहीं है, इसके बावजूद राहुल गांधी राजस्थान आकर राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इस प्रकार की राजनीति से राहुल गांधी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में राजस्थान में कई पेपर लीक की घटनाएं हुई थीं, तब राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि उस समय कई युवाओं की भर्तियां रद्द कर उनके सपनों को नुकसान पहुंचाया गया।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान सरकार ने नीट परीक्षा में अनियमितता सामने आने पर तुरंत निर्णय लेते हुए परीक्षा रद्द की और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए राठौड़ ने कहा कि कुछ लोग नीतिगत आधार पर नहीं, बल्कि परिस्थितिवश अन्य दलों से जुड़े हुए हैं। जैसे-जैसे उन्हें वास्तविकता और राष्ट्रीय दृष्टिकोण का महत्व समझ आएगा, वे स्वयं सही निर्णय लेंगे।
उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों के पास स्पष्ट राष्ट्रीय एजेंडा नहीं है, उनसे जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता धीरे-धीरे दूरी बना रहे हैं। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने वाली भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और उनकी सरकार महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में लोग भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर और अधिक भरोसा जताएंगे।














































