लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर)
रिपोर्टर – संजीव बंसल
कठूमर। सुधीर चौधरी, पुलिस अधीक्षक अलवर, ने शुक्रवार को कठूमर वृत्त का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, पुराने थाना परिसर तथा किराए के भवन में संचालित थाना भवन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने रिकॉर्ड, लंबित प्रकरणों तथा मालखाना की गहन जांच की। उन्होंने कहा कि कठूमर सीओ कार्यालय सहित जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर उच्च अधिकारियों से बजट आवंटन पर चर्चा की जाएगी, ताकि आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र कराए जा सकें।
अपराध नियंत्रण को लेकर दिए निर्देश
एसपी ने सर्किल स्तर पर सभी थानों व चौकियों की जमीनी समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद सर्किल के सभी थानाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आपराधिक गतिविधियों, लंबित मामलों तथा कानून व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की उल्लेखनीय पेंडेंसी नहीं मिली है तथा अपराध दर में कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2026 में अपराध पर और प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
नशे के खिलाफ आमजन से सहयोग की अपील
एसपी ने आमजन से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी को ड्रग्स के सेवन या सप्लाई की सूचना मिले तो तुरंत नजदीकी थाने या सरकारी हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें।
बैठक के दौरान पुलिस उपाधीक्षक राजेश विद्यार्थी, थाना प्रभारी सुनील कुमार टॉक तथा धोलागढ़ देवी थाना अधिकारी रामजीलाल मौजूद रहे।
महिला अपराधों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई
एसपी ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों के मामलों में समयबद्ध निस्तारण और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है। झूठे प्रकरण दर्ज कराने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया जा रहा है। कई मामलों में एफआर लगाई गई है तथा आवश्यक होने पर न्यायालय में इस्तगासा पेश कर कार्रवाई की जाएगी।
















































