लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगोपाल गौशाला में लगाए जाएंगे पीपल के 511 पौधे
जिला कलेक्टर संदेश नायक करेंगे शुभारंभ, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होगा सामूहिक पौधरोपण
किशनगढ़ रेनवाल। पर्यावरण संरक्षण और गौसेवा को समर्पित “एक पेड़ गौ माता के नाम” अभियान के तहत रविवार को शहर स्थित चौमूं-जयपुर रेनवाल बाईपास चौराहे पर स्थित श्रीगोपाल गौशाला में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे जिला कलेक्टर संदेश नायक करेंगे।
अभियान के तहत गौशाला परिसर में आठ फीट ऊंचे 511 पीपल के पौधों का सामूहिक रोपण किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देना है।
श्रीगोपाल गौशाला अध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि हिंदू धर्म में पीपल के वृक्ष का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इसी भावना के साथ अनेक लोग अपने माता-पिता की पुण्य स्मृति, जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों को यादगार बनाने के लिए पीपल का पौधा रोपेंगे।
उन्होंने बताया कि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक पौधरोपण किया जाएगा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्त, पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय नागरिक भाग लेंगे।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक हनुमान सहाय मीणा तथा भाजपा नेता शिवजीराम कुमावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने अधिक से अधिक नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर पौधरोपण अभियान का हिस्सा बनने और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को सफल बनाने की अपील की है।













































