डॉक्टर्स डे पर 30 चिकित्सकों का सम्मान, 5 दंपतियों सहित 11 लोगों ने लिया देहदान का महासंकल्प

0
16
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 नागौर ने पेश की मानवता की मिसाल 

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। डॉक्टर्स डे के अवसर पर नागौर में सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकार का अनूठा संगम देखने को मिला। महावीर इंटरनेशनल केंद्र की ओर से अभयमल तेजमल सा. लोढ़ा ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित गरिमामयी समारोह में समाज को स्वस्थ रखने में योगदान देने वाले 30 से अधिक चिकित्सकों का सम्मान किया गया। वहीं कार्यक्रम से प्रेरित होकर 5 दंपतियों सहित 11 जागरूक नागरिकों ने मरणोपरांत देहदान का महासंकल्प लेकर मानवता की मिसाल पेश की।

स्थानीय होटल में आयोजित लगभग तीन घंटे के इस कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों की निस्वार्थ सेवाओं का सम्मान करने के साथ-साथ समाज में देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। समारोह उस समय भावुक और प्रेरणादायी बन गया, जब उपस्थित नागरिकों ने चिकित्सकों की सेवा भावना से प्रेरित होकर मौके पर ही देहदान संकल्प पत्र भरकर अपनी सहमति दी।

महावीर इंटरनेशनल केंद्र के अध्यक्ष विमलचंद नाहटा और सचिव प्रीतम ललवानी ने संस्था की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि देहदान केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने समाज से इस पुनीत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

इन 11 नागरिकों ने लिया देहदान का संकल्प

कार्यक्रम में जिन लोगों ने मरणोपरांत देहदान का संकल्प लिया, उनमें संस्था अध्यक्ष विमलचंद नाहटा एवं मंजू नाहटा, सुभाष ललवानी एवं विद्या ललवानी, पंकज नाहटा एवं प्रियंका नाहटा, प्रीतम ललवानी (छीमू) एवं संतोष ललवानी, प्रमोद बांठिया एवं प्रियंका बांठिया तथा महेंद्र श्रीमाली शामिल रहे। सभी ने संकल्प पत्र भरकर मृत्यु के बाद भी चिकित्सा शिक्षा और मानव सेवा में योगदान देने की इच्छा व्यक्त की।

प्रशासनिक और चिकित्सा जगत की रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में आईपीएस जतिन जैन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह, मेडिकल कॉलेज के एडिशनल प्रिंसिपल डॉ. संदीप चौधरी, सुरेश राठी तथा अभयमल लोढ़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए देहदान जैसे महाअभियान को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

30 से अधिक चिकित्सकों का हुआ सम्मान

डॉक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 30 से अधिक चिकित्सकों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. बी.एल. भूतड़ा, डॉ. के.के. शर्मा, डॉ. रणवीर चौधरी, डॉ. हितेश चौधरी, डॉ. रामस्वरूप सांखला, डॉ. सरला अग्रवाल, डॉ. धर्मचंद बुराड़िया, डॉ. राहुल भूतड़ा, डॉ. हेमा परिहार, डॉ. अमित परिहार सहित अनेक चिकित्सक शामिल रहे।

इन्होंने लिया देहदान का संकल्प

समारोह ने यह संदेश दिया कि चिकित्सक जहां अपने जीवनकाल में मरीजों को नया जीवन देने का कार्य करते हैं, वहीं देहदान का संकल्प लेने वाले नागरिक मृत्यु के बाद भी चिकित्सा शिक्षा, शोध और मानवता की सेवा में अपना अमूल्य योगदान दे सकते हैं। डॉक्टरों के सम्मान और देहदान के महासंकल्प के साथ नागौर का यह आयोजन सामाजिक जागरूकता और मानवीय मूल्यों की एक प्रेरक मिसाल बन गया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here