लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन (अजमेर)। पीसांगन उपखंड की ग्राम पंचायत रामपुरा डाबला में गुरुवार को ‘विकसित भारत जी रामजी योजना’ का शुभारंभ उत्साह और मंगल गीतों के बीच किया गया। योजना के तहत सरकारी ट्यूबवेल के पास नाड़ी खुदाई कार्य का शुभारंभ ग्राम पंचायत प्रशासक सीमा चौधरी ने फीता काटकर, नारियल फोड़कर एवं पूजन-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों और श्रमिकों को मिठाई भी वितरित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला श्रमिकों द्वारा पारंपरिक मंगल गीतों के साथ हुई, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्सवमय हो गया। महिलाओं के स्वागत गीतों के बीच योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रशासक सीमा चौधरी ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में इस योजना के माध्यम से पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पुराने नाड़ी तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा तथा ग्रामीणों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। नाड़ियों की खुदाई से वर्षा जल का बेहतर संरक्षण होगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार आएगा और पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
योजना के शुभारंभ को लेकर ग्रामीणों और श्रमिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिला श्रमिकों ने बताया कि योजना के तहत उन्हें प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी तथा 125 दिनों तक रोजगार मिलने का लाभ मिलेगा। साथ ही गांव की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य भी किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विष्णुदत्त वैष्णव, चेतन करेसिया, पुनाराम भैरा, हनुमान करेसिया, हरिराम पड़ौदा, उम्मेदसिंह दहिया, कैलाश भैरा, सुंदरदेवी देवासी, रमतीदेवी रैदास, पप्पूदेवी रैदास, कौशल्या देवासी, रंभा देवासी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रमिक उपस्थित रहे।










































