करंट से छोटे भाई की मौत, सदमे में बड़े भाई ने भी तोड़ा दम

0
10
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

एक ही दिन में बुझ गए घर के दो चिराग

कठूमर (अलवर)। अलवर जिले के कठूमर उपखंड क्षेत्र के तसई गांव में रविवार को ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बिजली लाइन पर काम कर रहे 28 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। छोटे भाई की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, बड़े भाई को गहरा सदमा लगा और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय उनकी भी मौत हो गई। एक ही दिन में दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

जितेंद्र चौहान उर्फ जीतू की मौत

पुलिस के अनुसार तसई गांव के गौरवाली मोहल्ला निवासी जितेंद्र चौहान उर्फ जीतू (28) पुत्र अतरसिंह, लालसोट क्षेत्र में एक ठेकेदार के अधीन बिजली लाइन पर कार्य करता था। रविवार को समासा गांव में नई बिजली लाइन डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। साथियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

जितेंद्र की मौत की सूचना जैसे ही घर पहुंची, बड़े भाई प्रकाश चौहान (35) गहरे सदमे में आ गए। परिजन उन्हें तत्काल कठूमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. हेमंत वर्मा ने जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार प्रकाश पहले से अस्वस्थ थे, लेकिन छोटे भाई की मौत का सदमा उनके लिए जानलेवा साबित हुआ।

 

साथी कर्मचारी ने जताई आशंका

मृतक के साथ कार्य कर रहे साथी मुकेश सिंह ने बताया कि काम शुरू करने से पहले बिजली विभाग से शटडाउन लिया गया था। इसके बावजूद जितेंद्र को करंट लग गया। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में नमी के कारण या पास से गुजर रही 11 केवी लाइन के संपर्क में तार आने से करंट लगने की संभावना हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

ग्रामीणों ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन लिया गया था तो फिर लाइन में बिजली कैसे आ गई। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की शुरू

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं एक ही परिवार के दो बेटों की अर्थियां उठने से तसई गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोगों का कहना है कि इस दर्दनाक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here