लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महिला कार्यकर्ताओं को दिलाई स्वदेशी अपनाने की शपथ
भरतपुर।
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, भरतपुर में आत्मनिर्भर भारत विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता भाजपा राजस्थान की प्रदेश मंत्री स्फीति चौहान रहीं। विशिष्ट अतिथियों में महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री राधा भारद्वाज, पूर्व जिला अध्यक्ष हंसिका गुर्जर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किरण जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा तथा पूर्व सांसद रंजीता कोली उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता गोयल ने की।
कार्यशाला की शुरुआत भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर की गई। मुख्य वक्ता स्फीति चौहान ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भाजपा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित कर रही है। यह अभियान 25 सितंबर 2025, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती से प्रारंभ होकर 25 दिसंबर 2025 तक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलेगा।
मुख्य अतिथि ने उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं को विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी वस्तुएं अपनाने की शपथ भी दिलाई।
महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री राधा भारद्वाज ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की शुरुआत रसोईघर से करनी चाहिए और पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” से स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों और स्वयं सहायता समूहों को बड़ा बाजार मिलेगा। इससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और भारत विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में अग्रसर होगा।
पूर्व सांसद रंजीता कोली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 12 मई 2020 को आत्मनिर्भर भारत का मंत्र दिया था, जिसमें पाँच स्तंभ शामिल हैं— अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचा, प्रौद्योगिकी, जनसांख्यिकी और मांग। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वदेशी को प्राथमिकता देकर देश को आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला संयोजक कविता गोयल ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन जिला सह-संयोजक अनामिका चौधरी और नैना गोयल ने किया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद वीरमती, अन्नू फौजदार, सविता फौजदार, कुसुम फौजदार, मीनेश उवार, अर्चना किरार, मीनू जघीना, रजनी बंशिवाल, चिरौंजा, रानी सैनी सहित अनेक महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।




















































