लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
काचरोदा में आयोजित हुआ पहला शिविर, 12 विभागों की योजनाओं का मिला लाभ
फुलेरा। (हेमंत शर्मा) माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 16 जनवरी 2026 को आयोजित GRAM-2026 (ग्लोबल राजस्थान एग्री एंड टेक मीट-2026) की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में राज्य की प्रत्येक गिरदावर सर्किल (ILR) पर एक दिवसीय विशेष ग्रामीण उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर शुक्रवार को इन शिविरों का विधिवत शुभारंभ किया गया। सांभर उपखंड क्षेत्र का पहला शिविर अटल सेवा केंद्र काचरोदा में आयोजित हुआ, जिसमें काचरोदा एवं आकोदा पंचायत क्षेत्र के कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित कुल 12 विभागों की सहभागिता रही। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार सांभर उपखंड क्षेत्र में 23, 24, 25 एवं 31 जनवरी तथा 1 और 5 से 9 फरवरी 2026 तक कुल 10 दिनों में प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर ग्रामीण उत्थान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक कृषकों एवं पशुपालकों की GRAM-2026 में सहभागिता सुनिश्चित करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।
शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं, जहां ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। शिविरों को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।















































