लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद। 35वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा वॉलीबॉल खेलकूद प्रतियोगिता में फियावड़ी सड़क के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्र और छात्रा दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। आंजना में आयोजित प्रतियोगिता में दोनों टीमों की जीत के बाद गांव में खुशी का माहौल है।
दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन
छात्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में फियावड़ी सड़क की टीम ने राजकीय उच्च उच्च माध्यमिक विद्यालय, आंजना को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं छात्र वर्ग में टीम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जीतावास को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दोनों वर्गों में विद्यालय की टीमों के विजेता बनने पर ग्रामीणों ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताई और इसे विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
विजेता खिलाड़ियों का किया स्वागत
प्रतियोगिता में जीत के बाद फियावड़ी सड़क पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सरपंच सुरेश चंद्र चौधरी सहित ग्रामीणों ने खिलाड़ियों को उपरना पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर विद्यालय की संस्था प्रधान जयमाला सालवी, पीईईओ राकेश कुमार चपलोत, ग्राम प्रशासक एवं सरपंच सुरेश चंद्र जाट, टीम प्रभारी संध्या खंडेलवाल सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
राष्ट्रीय स्तर पर भी चमका विद्यालय
शारीरिक शिक्षक राजेंद्र कुमार पालीवाल ने बताया कि विद्यालय के खिलाड़ियों ने इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। विद्यालय की छात्रा संगीता जाट वॉलीबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड और सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। वहीं कोमल कंवर और लक्ष्मी जाट भी दो बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर चुकी हैं।
विद्यालय के खिलाड़ियों की लगातार सफलता से ग्रामीणों में उत्साह है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएं मिलती रहें तो ये खिलाड़ी आगे भी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

















































