‘असली पुष्पा’ गिरफ्तार: 12 साल से फरार ट्रैक्टर तस्करी सिंडिकेट का सरगना पुलिस के शिकंजे में

0
24
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया)। राजस्थान पुलिस की बड़ी कार्रवाई में अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर तस्करी सिंडिकेट के सरगना और 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी आबिद मेवाती को 12 साल बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह कार्रवाई सीआईडी (सीबी) राजस्थान की स्पेशल टीम ने मथुरा से की। आरोपी लंबे समय से राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में वांछित था।

शादी समारोह से दबोचा

टीम को सूचना मिली कि आरोपी मथुरा में एक शादी समारोह में शामिल होने आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने कुसुम वाटिका में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
भीड़ के बीच आरोपी को छुड़ाने की कोशिश भी हुई, लेकिन पुलिस ने साहस दिखाते हुए उसे सुरक्षित हिरासत में लिया।

ऐसे चलता था तस्करी का खेल

आरोपी का गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था—

  • ट्रैक्टर लोन पर खरीदते
  • फर्जी दस्तावेज बनाकर उन्हें बेच देते
  • ट्रकों में भरकर अलग-अलग राज्यों में सप्लाई
  • बाद में चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कर बीमा क्लेम लेते

मुख्य केंद्र छाता में लगाया जाता था, जहां से यह अवैध कारोबार संचालित होता था।

1500 से ज्यादा ट्रैक्टरों की अवैध बिक्री

पुलिस के अनुसार आरोपी ने अब तक 1500–2000 से अधिक ट्रैक्टरों की अवैध बिक्री कर करोड़ों का मुनाफा कमाया। प्रति वाहन करीब 2 लाख रुपए तक का फायदा लिया जाता था।

अपराधों का लंबा रिकॉर्ड

आरोपी पर हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब पूरे सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने और अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here