लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सूरतगढ़ के जोधपुर डिस्कॉम कार्यालय में एसीबी की कार्रवाई से मचा हड़कंप, शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया गया था जाल
श्रीगंगानगर। (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरतगढ़ स्थित जोधपुर विद्युत वितरण निगम (जोधपुर डिस्कॉम) के कार्यालय में एक बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया है। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया।
शिकायत के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, श्रीगंगानगर एसीबी टीम को शिकायत मिली थी कि विद्युत विभाग के कार्यालय में कार्यरत बाबू सुधीर द्वारा एक काम के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी टीम ने उसका सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
10 हजार रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा
एसीबी के एएसपी पवन मीणा के नेतृत्व में टीम ने सूरतगढ़ स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय में कार्रवाई की। इसी दौरान बाबू सुधीर को 10,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
बताया जा रहा है कि एसीबी टीम ने रिश्वत की राशि बरामद कर ली है। कार्रवाई के बाद टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई की भनक लगते ही कार्यालय में मचा हड़कंप
एसीबी की कार्रवाई की सूचना फैलते ही जोधपुर डिस्कॉम कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई। खबर के मुताबिक, कार्रवाई की भनक लगने के बाद कुछ कार्मिक कार्यालय से चले गए।
एसीबी टीम फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। रिश्वत किस काम के बदले मांगी गई थी और इस प्रकरण में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसे लेकर भी जांच की जा रही है।
एसीबी की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी और आधिकारिक खुलासा आगे किया जाएगा।




















































