लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर, 22 जून। संगीत के प्रति समर्पण भाव के कारण जयपुर में अपनी अलग पहचान बना चुके सुपर 60 क्लब की ओर से संगीत के शौकीन वरिष्ठ नागरिकों के लिए गायन प्रतियोगिता “दिल से, फिर एक बार” का आयोजन किया जा रहा है। देवरंजनी म्यूज़िक स्कूल के संयोजन में होने वाली इस प्रतियोगिता में 60 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष और महिलाएँ भाग ले सकेंगे। महिला और पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग प्रतियोगिता होगी जिसमें पुरुष वर्ग के विजेता को विंटेज किंग और महिला को विंटेज क्वीन का ख़िताब दिया जाएगा। दोनों वर्ग में द्वितीय और तृतीय पुरस्कार भी दिए जाएँगे। इसके अलावा कुछ सांत्वना पुरस्कार भी होंगे।
विश्व संगीत दिवस के उपलक्ष में आज देवरंजनी म्यूज़िक स्कूल में हुए कॉन्सर्ट में फ़िल्म समीक्षक और वरिष्ठ पत्रकार श्याम माथुर ने प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने मोबाइल पर गूगल लिंक पर क्लिक कर मुकाबले के लिए आवेदन भरने की प्रक्रिया का शुभारम्भ भी किया । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रमाणित हो चुका है कि संगीत का व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर होता है। उन्होंने देवरंजनी द्वारा बुजुर्गों में संगीत के प्रति रुचि पैदा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
देवरंजनी म्यूज़िक स्कूल की निदेशक सरिता द्विवेदी ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल शौकिया तौर पर गाने वाले वरिष्ठजन ही हिस्सा ले सकेंगे। यह अनूठा मुकाबला बॉलीवुड संगीत पर आधारित होगा। प्रतियोगिता में दो और तीन अगस्त को ऑडिशन राउंड होंगे जिसमें फिनाले में भाग लेने वाले पात्र गायक-गायिकाओं का चयन होगा। ग्रैंड फिनाले सितम्बर के पहले सप्ताह में होगा।
क्लब के प्रवक्ता प्रेम प्रकाश भारती ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सोलो और डुएट केटेगरी में अलग-अलग मुक़ाबले होंगे। इसी तरह लाइव म्यूजिक और कराओके वर्ग में अलग अलग विजेता चुने जाएँगे। प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टि ऑनलाइन और ऑफ़लाइन मोड पर की जा सकती है। वरिष्ठजन की सुविधा के लिए जयपुर में आठ स्थानों पर प्रविष्टि पत्र उपलब्ध होंगे। यहीं पर भरे हुए फॉर्म जमा भी किए जा सकते हैं। इन आठों केंद्रों की सूचना द विंटेज ईयर्स के फेसबुक पेज पर अपलोड कर दी गई है। ऑनलाइन प्रविष्टि के लिए गूगल लिंक https://forms.gle/wWxthownsvhYtuyh7 पर क्लिक करना होगा। एक प्रतियोगी विभिन्न वर्गों में एक से अधिक आवेदन कर सकता है। आवेदन के साथ पहचान पत्र और उम्र का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। और अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 98289 33353 पर संपर्क किया जा सकता है। उनके अनुसार रजिस्ट्रेशन 16 जुलाई तक किये जा सकते हैं।















































