दबंगों ने तोड़ी सड़क और नालियां आवागमन में परेशानी

आवागमन में ग्रामीणों को हो रही परेशानी, ग्रामीणों ने कलेक्टर को दिया ज्ञापन
गंगापुर सिटी। (बनी सिंह मीना रिपोर्टर) तलावड़ा तहसील के रामगढ़ मुराड़ा एससी बस्ती में इन दिनों ग्रामीण आम रास्ते पर भरे पानी की समस्या से परेशान है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर डॉ. गौरव सैनी को गुरुवार को ज्ञापन देकर समस्या समाधान की मांग की है।
ग्रामीण आशाराम, दुलीचंद, राजू, हेमराज, सीताराम बैरवा, रामस्वरूप, राजेश, श्यामलाल, विजेन्द्र, रामदयाल आदि ने बताया कि रामगढ़ की एससी बस्ती में आवागमन का रास्ता बना हुआ है। लेकिन इस रास्ते पर काफी मात्रा में पानी भर गया है। उक्त पानी की निकासी चारागाह भूमि में होकर है लेकिन पानी की निकासी पर मेडबंदी करते हुए पानी निकासी को बंद कर दिया।
इसके कारण अब आम रास्ते में पानी जमा हो गया है और इससे करीब 200 घरों के परिवारजनों के आने जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। बच्चों को स्कूल आने जाने एवं किसी प्रकार के साधन आने जाने का रास्ता कोई नहीं बचा है। उक्त रास्ता पक्का है लेकिन दबंग लोगों ने पक्की सडक एवं नालियों को तोडफ़ोड़ कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
100 मीटर इस लंबे रास्ते से अब वर्तमान में आमजन का निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और तहसीलदार को समस्या से अवगत करा शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में अब आक्रोश हो गया है।












































