लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मानसरोवर मेला ग्राउंड में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन से जुड़े मुख्यमंत्री, सेवा ज्योति यात्रा को दिखाई हरी झंडी
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित किया। जयपुर के मानसरोवर स्थित मेला ग्राउंड में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल हुए और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यात्रा सेवा, समर्पणऔर सुशासन को समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा को किया रवाना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मशाल प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया और स्वयं भी यात्रा में शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री मानसरोवर स्थित सिटी पार्क के अटल काव्य स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, विधायक, भाजपा प्रदेश महामंत्री, जयपुर नगर निगम के महापौर एवं उप महापौर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। लोक कलाकार गुलाबो सपेरा, पूर्व सैनिकों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
वहीं, प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और आमजन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से जुड़कर सहभागिता की।





















































