श्री गोपीनाथ जी मंदिर में अखंड ताल सप्ताह का भक्ति भाव से आयोजन

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर। शहर स्थित श्री गोपीनाथ जी मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित अखंड ताल सप्ताह का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी है। आयोजन के पांचवें दिन भी मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला निरंतर चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

आयोजकों के अनुसार ताल सप्ताह में शहर की विभिन्न भजन मंडलियां भाग ले रही हैं। महिलाओं के भजन-कीर्तन का समय दोपहर 2 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक निर्धारित है, जबकि पुरुषों द्वारा रात्रि 10:30 बजे से अगले दिन दोपहर 2 बजे तक लगातार भजन प्रस्तुत किए जाते हैं। इस प्रकार अखंड भजन संकीर्तन का क्रम निरंतर जारी रहता है।

बताया गया कि यह परंपरा पिछले लगभग 70 वर्षों से निरंतर चली आ रही है। समय के साथ आयोजन की शैली में परिवर्तन अवश्य हुआ है, लेकिन इसकी धार्मिक महत्ता और श्रद्धालुओं का उत्साह आज भी बरकरार है। पहले खड़ी ताल सप्ताह का आयोजन होता था, जो समयानुसार परिवर्तित स्वरूप में आज भी जारी है।

आयोजन के दौरान प्रतिदिन तीन बार प्रसाद वितरण किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र के सभी मोहल्लावासी एवं श्रद्धालु सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।

मंदिर में श्री गोपीनाथ भगवान एवं लड्डू गोपाल का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। सुसज्जित झांकियों में भगवान की मनमोहक छवि भक्तों को भावविभोर कर रही है।

मंदिर परिसर में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। भक्तजन भजन-कीर्तन, दर्शन एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here