लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
पीसांगन (अजमेर) | संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
अजमेर जिले के पीसांगन थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने के मामले में करीब एक माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
4 जुलाई को दर्ज हुआ था मामला
पीसांगन थाना प्रभारी पारुल यादव ने बताया कि 4 जुलाई को पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री को आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी पारुल यादव के नेतृत्व में एएसआई गणेशराम सामरिया, हेड कांस्टेबल बाबूलाल तथा कांस्टेबल भोमाराम चोयल, सुखाराम सेवदा और जोराराम पड़गड़ की टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) का विश्लेषण किया और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तलाश के दौरान पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को दस्तयाब किया।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान और जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित रूप से शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ रखा और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
जांच के आधार पर मामला पॉक्सो एक्ट के तहत भी दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मांगलियावास थाना क्षेत्र के मंगरी कोटाज निवासी 21 वर्षीय शक्तिसिंह रावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय ने दिया दो दिन का पुलिस रिमांड
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र करेगी। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश किया जाएगा।















































