लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत उनियारा पुलिस ने मंगलवार को वाहन चालकों की आँखों की जांच कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। यह जांच सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टोंक–सवाईमाधोपुर हाईवे 116 पर गुमानपुरा टोल प्लाज़ा तथा उनियारा–गुलाबपुरा हाईवे 148डी पर पलाई टोल प्लाज़ा के पास की गई।
पुलिस टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उनियारा के नेत्र सहायक निरंजन सैन से मौके पर ही चौपहिया और दोपहिया चालकों की नेत्र जांच करवाई। जांच में कमजोर दृष्टि पाए जाने पर चालकों को तुरंत उपचार करवाने और वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, हेलमेट न पहनना और सीट बेल्ट का उपयोग न करना—ऐसे मामलों में पुलिस ने चालान काटे और चालकों को चेतावनी देते हुए नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
कार्यवाही के दौरान पुलिस के अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे। अभियान का उद्देश्य बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।








































