लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नई चेतना 4.0 की दी जानकारी
नागौर। रियांबड़ी स्थित राजकीय कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में भारत सरकार की पहल के तहत महिलाओं के खिलाफ लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध जागरूकता लाने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नई चेतना 4.0 अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।
शिविर में अधिकार मित्र जुगल सिंह ने महिलाओं के मौलिक एवं विधिक अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने लैंगिक उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अधिनियम, बाल विवाह निषेध अधिनियम एवं निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए सहायता हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों—15100, 1933 एवं 14446—के बारे में भी अवगत कराया, ताकि महिलाएं किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में छात्राओं एवं महिलाओं ने रुचि के साथ भाग लिया और विधिक जानकारी को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए उपयोगी बताया।















































