लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तुषार पुरोहित, सिरोही।
सिरोही जिले के रेवदर स्थित राजकीय महाविद्यालय में एक सहायक प्रोफेसर पर छात्रों से अभद्र व्यवहार करने और समय पर महाविद्यालय नहीं आने के आरोप सामने आए हैं। इस मामले को लेकर छात्र नेताओं ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार राजकीय महाविद्यालय रेवदर में सहायक प्रोफेसर राजेश कुमार के खिलाफ छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। छात्रों का आरोप है कि स्टाफ रूम में उनके साथ अनुचित भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें वहां आने से भी मना कर दिया गया।
छात्रों का कहना है कि एक शिक्षक से मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा होती है, लेकिन इस तरह की घटनाएं महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित कर रही हैं।
छात्र नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित सहायक प्रोफेसर अक्सर समय पर महाविद्यालय नहीं आते, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं।
इस पूरे मामले को लेकर छात्र नेताओं ने महाविद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो महाविद्यालय स्तर पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
फिलहाल छात्र प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि महाविद्यालय प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।




















































