लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा को 10 सीटों से करना पड़ा संतोष, बीएपी ने 2 और आरएलपी ने एक जिले में हासिल किया जिला प्रमुख का पद
जयपुर। राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है। प्रदेश के 37 जिला प्रमुख पदों में से कांग्रेस ने 24 सीटों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम किया। वहीं सत्तारूढ़ भाजपा को महज 10 सीटों से संतोष करना पड़ा।
जिला प्रमुख चुनाव में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए दो जिलों में जीत हासिल की, जबकि हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने एक जिले में जिला प्रमुख का पद जीतकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया।
इन नतीजों ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। खासतौर पर भाजपा के लिए यह परिणाम राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, क्योंकि प्रदेश में सरकार होने के बावजूद पार्टी जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस से काफी पीछे रह गई। वहीं कांग्रेस इन नतीजों को ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी मजबूत पकड़ के तौर पर देख सकती है।
जिला प्रमुख चुनाव के परिणामों ने आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज कर दी हैं। अब सवाल है कि क्या पंचायत चुनाव के ये नतीजे प्रदेश की राजनीति में बदलते जनमत का संकेत हैं या स्थानीय नेताओं और क्षेत्रीय समीकरणों का असर?



















































